बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को ब्रजघाट गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के लिए लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में जाम से निजात के लिए मंगलवार शाम से ही हाईवे के कटों को बंद कर दिया जाएगा। साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांति व्यवस्था के मद्देनजर जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहेंगे।
बुद्ध पूर्णिमा पर हर साल हजारों की संख्या में श्रद्धालु ब्रजघाट गंगा में स्नान करते हैं। इसके लिए मुरादाबाद, अमरोहा, संभल, धनौरा, हसनपुर, चांदपुर सहित पश्चिमी यूपी के दूरस्थ जनपदों से श्रद्धालुओं का आवागमन मंगलवार शाम से ही शुरू हो जाएगा। बुद्ध पूर्णिमा पर ब्रजघाट और तिगरी गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की आमद बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। श्रद्धालुओं की आमद बढ़ने से एनएच-24 और तिगरी मार्ग पर जाम लगने की भी आशंका है। एनएच-24 पर जाम के झाम से निपटने के लिए गढ़मुक्तेश्वर पुलिस और गजरौला पुलिस ने पर्याप्त बंदोबस्त किए हैं।
अमावस्या और पूर्णिमा पर ब्रजघाट पर लाखों की तादात में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए आते हैं। दिल्ली ही नहीं कई प्रांतों से श्रद्धालु स्नान के लिए आते हैं। बुधवार को पूर्णिमा पर ब्रजघाट पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की संख्या पिछले दिनों के मुकाबले अधिक पहुंचने की उम्मीद है।
इससे नेशनल हाईवे पर जाम लगने की संभावना बनी रहती है। गढ़मुक्तेश्वर और गजरौला पुलिस ने जाम के झाम से निपटने की रणनीति तैयार कर ली है। जिससे एनएच पर जाम न लग सके।