संसद में भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी के बसपा सांसद दानिश अली के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में लगातार बयानबाजी जारी है। मुद्दा उठने के बाद बीजेपी ने कहा था कि दानिश अली ने लोकसभा में पीएम नरेंद्र मोदी के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया।
लोकसभा में आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद पूरा विपक्ष बसपा सांसद दानिश अली के समर्थन में उतर आया है। दिल्ली में राहुल गांधी ने दानिश अली मुलाकात की तो राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है।
संभावना जताई जा रही है कि कहीं कांग्रेस दानिश अली के माध्यम से बसपा को इंडिया का हिस्सा बनाने की जुगत में लग गई है। बृहस्पतिवार को लोकसभा में अमरोहा से बसपा सांसद कुंवर दानिश अली पर भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी ने टिप्पणी कर दी थी।
विपक्षी दलों के नेताओं ने भी भाजपा सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और बसपा सांसद के समर्थन में उतर आए। वहीं, अमरोहा के लोगों व सांसद दानिश अली के समर्थकों ने भाजपाइयों पर उन्हें लगातार घेरने का भी आरोप लगाया।
स्थानीय नेता दानिश अली से लगातार संपर्क साधने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन उनसे वार्ता नहीं हुई। शुक्रवार शाम कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दानिश अली से उनके आवास पहुंचकर मुलाकात की।
शनिवार को जब जिले की जनता को इस मुलाकात का पता चला तो राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। एक तरह जहां बसपा इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं है। वहीं, राहुल गांधी के दानिश अली से की गई मुलाकात को लोग दूसरे नजरिये से देख रहे हैं।
बता दें कि वर्ष 2019 में बसपा के दानिश अली ने अमरोहा से पहली बार चुनाव लड़ा। हालांकि, बाद में सपा और रालोद से गठबंधन होते ही अमरोहा के राजनीतिक समीकरण बदल गए। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी कंवर सिंह तंवर भी भारी मतों से हराया था।
जिसके बाद वह अमरोहा के मुस्लिम और दलितों के लिए नया चेहरा बनकर सामने आए। इसको लेकर अब राजनीतिक गलियारों में तमाम कयास लगाए जा रहे हैं।
पहला कयास यह है कि बसपा इंडिया गठबंधन का हिस्सा हो सकती है। बसपा के गठबंधन में शामिल नहीं होने की स्थिति में दानिश अली को इंडिया का प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चा हो रही है।