कैलसा (अमरोहा)। पिता के निधन के बाद जमीन में हिस्सा मांग रही अविवाहित बहन संयोगिता (32) की उसके भाई श्योराज ने सिर पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। सोमवार को दिनदहाड़े घर में घटना को अंजाम देकर आरोपी पत्नी और बच्चों को लेकर भाग गया। पुलिस की तीन टीमें अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हैं।
अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के नन्हेड़ा अलियारपुर गांव में दिवंगत भगवान दास का परिवार रहता है। वह सिंचाई विभाग में चपरासी थे। परिवार में पत्नी हुकुम देवी के अलावा बेटा श्योराज और तीन बेटी शकुंतला, ममता और संयोगिता हैं। बड़ी बेटी शकुंतला और ममता की शादी हो चुकी है। संयोगिता अविवाहित हैं। पांच साल से मुरादाबाद के निजी अस्पताल में नर्स थीं लेकिन 16 अक्तूबर को पिता के निधन के बाद गांव में ही रहने लगीं। पुलिस के मुताबिक पिता की जमीन में संयोगिता के हिस्सा मांगने के कारण भाई श्योराज से विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह 11 बजे इस बात को लेकर फिर कहासुनी हुई। गुस्से में आकर श्योराज ने सिर में धारदार हथियार मारकर संयोगिता की हत्या कर दी। वारदात के वक्त मां बाथरूम में थीं, जबकि श्योराज की पत्नी मनु और बच्चे खेत पर थे। स्नान करने के बाद कमरे में आईं हुकुम देवी ने बेटी को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा तो उनकी चीख निकल गई। आरोपी श्योराज घटना को अंजाम देकर भाग गया। सूचना पर सीओ सिटी अभिषेक यादव फोर्स के साथ पहुंचे और जांच की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए। संयोगिता के सिर पर जिस चीज से हमला किया गया, वह हथियार मौके से नहीं मिला।
मृतक संयोगता का फाइल फोटो
मृतक संयोगता का फाइल फोटो