अरविंद हत्याकांड का खुलासा करते एसपी।
- फोटो : अमर उजाला
तीन दिन पहले नगलिया बहादरपुर में अरविंद की हत्या जमीन के लिए उसके भाई ने साले और साथियों के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हत्या में प्रयुक्त हुआ डंडा भी बरामद कर लिया गया है।
रविवार को पुलिस ऑफिस में हत्या का खुलासा करते हुए एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि 16 मार्च की रात गजरौला थाना क्षेत्र के गांव नगलिया बहादपुर निवासी की अरविंद की डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अरविंद अपने कमरे में सो रहा था। मां ने सुबह उठकर देखा तो वह मृत अवस्था में चारपाई पर मिला, उसके सिर पर चोट निशान मिले थे। जिसके बाद सीओ मोनिका यादव के निर्देशन में सर्विलांस टीम और थाना गजरौला पुलि को हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए लगाया गया।
एसपी के मुताबिक मुकदमे में वादी मनोज से पूछताछ पर बयानों में विरोधाभास हुआ। शक गहराने पर उससे गहनता से पूछताछ की तो उसने हत्या का राज उगल दिया। हत्यारोपी ने बताया कि एक वर्ष पूर्व पिता रामपाल की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद पैतृक जमीन मनोज और अरविंद के नाम आ गई थी। अरविंद अपनी जमीन बेचना चाहता था। मनोज जमीन बेचने का विरोध करता था। जमीन न बेचने के लिए कई बार समझाने का प्रयास किया गया। लेकिन अरविंद नहीं माना।
इसके बाद मनोज ने अपने साले सुखबीर निवासी मिलक मोती खेड़ा थाना धनौरा और उसके साथी अरुण निवासी ग्राम पपसरा खादर थाना धनौरा के साथ मिलकर डंडों से उसके सिर पर वारकर हत्या कर दी थी। आरोपी मनोज को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशेें दी जा रही हैं।