आदमपुर ढेकला गांव में कीकर के जंगल में बच्चों के हाथ-पैर बांधकर रस्सी खीचता आरोपी जीजा।
- फोटो : JPNAGAR
ढबारसी (अमरोहा)। ससुराल की संपत्ति हथियाने को जीजा ने क्रूरता की सभी हदें पार कर दीं। मासूम साले और साली का अपहरण कर लिया। आदमपुर थानाक्षेत्र में कीकर के जंगल में ले गया। जहां साली के हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पिटाई की। गला दबाकर हत्या की कोशिश किया। चीखपुकार सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर 112 डायल पुलिस मौके पर पहुंच गई। आरोपी जीजा को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। ससुर की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
जनपद संभल के असमोली थानाक्षेत्र के गांव चंद्रपुरा निवासी योगित त्यागी की शादी 20 नवंबर 2019 को नखासा थानाक्षेत्र के सैदरा मिलक गांव निवासी रचना के साथ हुई थी। रचना के परिवार में माता-पिता के अलावा बहन रीना (13) और भाई अवनीत (12) हैं। शादी के बाद से योगित की नजर संपत्ति पर पड़ गई थी। रविवार की दोपहर योगित कार से ससुराल पहुंचा। जहां से साला-साली का अपहरण कर लिया। इसके बाद वह बच्चों को आदमपुर क्षेत्र के ढेकला गांव के निकट कीकर के जंगल में ले गया। यहां साली के हाथ-पैर बांधकर उसकी बेरहमी से पिटाई की और गला दबाकर हत्या की कोशिश की। यह देखकर कार में बैठा भाई अवनीत चीखने-चिलाने लगा। बच्चों का शोर सुनकर पास-पड़ोस के खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने 112 डायल पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस पीड़ित बच्चों और आरोपी को लेकर थाने पहुंची। घटना के बाद बच्चे काफी डरे और सहमे हुए हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि ससुर सतीश त्यागी की तहरीर पर दामाद योगित के खिलाफ अपहरण, हत्या की कोशिश, जान से मारने की धमकी और गोली-गलौज की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। प्राथमिक जांच में संपत्ति के लिए साला-साली की हत्या की कोशिश करने की बात सामने आई है। सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।