गजरौला। पत्नी के गले में पंखे की डंडी घुसाकर जान लेने के आरोपी के खिलाफ उसके साले ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। वहीं मृतका का सोमवार को गंगाधाम तिगरी में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
रविवार की रात लगभग साढ़े आठ बजे गांव पाल निवासी राजमिस्त्री सुरेश ने अपनी दिव्यांग पत्नी पिंकी (45) के साथ मारपीट कर चारपाई के पास रखे हाथ के पंखे की डंडी उसकी गर्दन में घोंप दी थी। इस पर महिला दर्द से छटपटाने लगी और उसकी गर्दन से काफी खून बहने लगा। महिला की स्थिति खराब होने पर आरोपी मौके से फरार हो गया था। बच्चों के शोर मचाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे गए थे। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। महिला को एक निजी चिकित्सक के पास इलाज के लिए ले जाया गया था, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में बुलंदशहर के कोतवाली स्याना के गांव वरौली निवासी पिंकी के भाई जैकी ने इस संबंध में आरोपी के खिलाफ गजरौला पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
चार किलोमीटर का सफर दो घंटे में किया तय
गजरौला। रविवार की रात लगभग साढ़े आठ बजे गांव पाल में हुई हत्या की सूचना पुलिस को तभी दे दी गई थी। इसके बावजूद पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। यही वजह रही थाने से महज चार किलोमीटर की दूरी पर स्थित गांव पाल में पहुंचने के लिए पुलिस को दो घंटे लग गए। पुलिस रात साढ़े दस बजे वहां पहुंची। वारदात की जानकारी मिलने पर रात 11 बजे सीओ सतेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे।
मौके पर नहीं बुलाई फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम
गजरौला। एक तो महिला की हत्या की सूचना पर पुलिस देर से पहुंची। दूसरे मौके पर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट्स की टीम को नहीं बुलाया गया। पुलिस के देर से पहुंचने की वजह से मौके पर मौजूद लोग हत्या में इस्तेमाल की गई पंखे की डंडी को बार-बार छूकर देख रही थीं।