बुरावली। क्षेत्र के गांव सुतावली में दो दिन के भीतर एक ही परिवार में दो लोगों की हार्ट अटैक से मौत हो गई। शुक्रवार को प्रोफेसर मारूफ चौधरी (40) की मौत हुई थी।
सोमवार सुबह उनकी भाभी रुखसाना बेगम (50) ने भी दम तोड़ दिया। इससे परिवार में कोहराम मचा है और गांव में शोक की लहर है। रुखसाना के पति महबूब अली के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे रुखसाना नमाज की तैयारी कर रही थीं, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह दो बेटियों और एक बेटे को छोड़ गई हैं।
शुक्रवार को महबूब अली के छोटे भाई प्रोफेसर मारूफ चौधरी की एक यूनिवर्सिटी के आवासीय कमरे में सोते समय हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। सीएचसी रहरा के प्रभारी डॉ. मुदित गौतम ने बताया कि महिला की हार्ट अटैक से मौत की सूचना नहीं मिली है। ऐसा होने पर जांच कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि कम उम्र और स्वस्थ दिखने वाले लोगों में भी हार्ट अटैक के मामले बढ़ रहे हैं। ठंड, तनाव, उच्च रक्तचाप और मधुमेह को हल्के में न लें। सीने में जकड़न, घबराहट या अत्यधिक पसीना आने पर तुरंत डॉक्टर या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।