अमरोहा। नगर के वार्ड नौ दानिशमंदान के अंतर्गत आने वाले इशाक नगर में बुनियादी सुविधाओं से जूझ रहा है। जिससे स्थानीय लोग काफी परेशान हैं। यहां की मुख्य सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी है, जिससे आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जब जलभराव के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। कई बार शिकायत करने के बाद भी जिम्मेदार सुनने को तैयार नहीं हैं।
लोगों का कहना है कि सड़क जगह-जगह से टूटी हुई है और गड्ढों में पानी भर जाता है। कई बार नगर पालिका में शिकायत करने के बावजूद अब तक सड़क निर्माण नहीं कराया गया। इसके अलावा नालियों की नियमित सफाई न होने से गंदगी जमा रहती है और नालियों का पानी सड़क पर बहने लगता है, जिससे पूरे इलाके में दुर्गंध और अस्वच्छता का माहौल बना रहता है। मोहल्ले में स्ट्रीट लाइट की भी समस्या बनी हुई है। कई खंभों पर लाइट नहीं लगी है, जिससे रात के समय अंधेरा पसरा रहता है और लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। वहीं एक प्लॉट में कूड़ा डाले जाने से आसपास के लोगों को अतिरिक्त दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि सफाई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं आते, जिससे नालियां जाम रहती हैं। उनका मांग है कि सबसे पहले मुख्य सड़क का निर्माण कराया जाए और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था की जाए। साथ ही नियमित सफाई और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।
सड़क की समस्या सबसे ज्यादा है। अंदर मोहल्ले में खंभे नहीं है। लाइट भी नहीं है। आने जाने वाले गिर जाते है। नालियों से बदबू आती है क्योंकि सफाई नहीं हो पाती है और यहां पर समस्या ही समस्या है। जैद
मुख्य रास्ते से ई रिक्शा निकलना भी मुश्किल हो जाता है। यहां पर पानी निकासी के इंतजाम नहीं है। सड़कों की हालत ठीक नहीं है। मोहम्मद मुजम्मिल
यहां पर बहुत गंदगी रहती है। बरसात के दिनों में पानी भर जाता है। यहां पर एक स्कूल भी है। जिससे बच्चों को आने जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पानी निकासी का इंतजाम कराया जाए। मोहम्मद फहीम
कई बार नगर पालिका में शिकायत की लेकिन आज तक समस्या का हल नहीं हो सका। सड़क का निर्माण कराया जाए। बच्चे जाते हैं तो कभी-कभी ई रिक्शा पलट जाता है। मरीजों को भी ले जाने में दिक्कत होती है। मोहम्मद आजम
बरसात के दिनों में परेशानी रहती है। नालियों में पानी भरा रहता है। नियमित रुप से सफाई होनी चाहिए। मोहम्मद अजीम