मामला हसनपुर के एक बैंक्वट हॉल का है। बरातियों और घरातियों के लोग खाना खा रहे थे। जबकि घराती पक्ष के कुछ युवक खाना परोस रहे थे। शादी समारोह पूरी तरह सामान्य चल रहा था, लेकिन इसी बीच बिरयानी खत्म हो गई।
शादी समारोह में भोजन परोसने में देरी होने पर बरातियों और घरातियों के बीच शुरू हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। जमकर कुर्सियां चलीं। एक-दूसरे पर पानी के कैंपर भी फेंके गए। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
विज्ञापन
यह मामला हसनपुर के एक बैंक्वट हॉल का है। शनिवार की शाम करीब छह बजे यहां कोतवाली क्षेत्र के गांव बरात आई थी। बरातियों और घरातियों के लोग खाना खा रहे थे। जबकि घराती पक्ष के कुछ युवक खाना परोस रहे थे। शादी समारोह पूरी तरह सामान्य चल रहा था, लेकिन इसी बीच बिरयानी खत्म हो गई। बिरयानी बनने में देरी होने लगी। इसी को लेकर कहासुनी ने बड़ा रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुस्साए लोगों ने एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं और बैंक्वट हॉल में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग पानी के कैंपर तक उठाकर एक-दूसरे पर हमला करने की कोशिश करते नजर आए।
इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हुई, जिससे वहां मौजूद महिलाओं, बच्चों और अन्य मेहमानों में दहशत फैल गई और भगदड़ जैसे हालात बन गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंक रहे हैं और मारपीट कर रहे हैं। सीओ पंकज त्यागी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है हालांकि, इस संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।