ब्रजघाट रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर गढ़मुक्तेश्वर की ओर रविवार की सुबह नाले के पाइप के ऊपर की मिट्टी खिसकने से ट्रैक बाधित हो गया। गनीमत रही बड़ा हादसा टल गया। रेलवे विभाग के तत्काल चेतने से खाली गड्ढे को भर दिया गया। हालांकि ट्रैक बाधित होने से कई एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन आधा घंटा से सवा घंटा तक बाधित रहा। गजरौला और गढ़मुक्तेश्वर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनें रोक दी गईं।
ब्रजघाट रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर गढ़मुक्तेश्वर की ओर पोल संख्या 67/20 व 67/21 के बीच नाले के ऊपर से रेलवे ट्रैक जा रहा है। रविवार की सुबह से हो रही बारिश से ट्रैक के नीचे से जा रहे नाले के पाइप के ऊपर की मिट्टी खिसक गई। जिससे ट्रैक के नीचे की मिट्टी में गैप आ गया। जिससे ट्रैक के धंसने का खतरा बढ़ गया। बता दें कि ये ट्रैक दिल्ली से मुरादाबाद होकर लखनऊ का अप और डाउन का ट्रैक है।
दिनभर में करीब 150 से अधिक एक्सप्रेस, पैसेंजर और मालगाड़ी गुजरती हैं। ट्रैक के नीचे से मिट्टी खिसकने के बाद भी कई ट्रेनें ट्रैक पर से गुजर गईं। करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच किसी यात्री ने ट्रैक के नीचे की मिट्टी खिसकने की जानकारी ब्रजघाट स्टेशन (गढ़मुक्तेश्वर पुल) के स्टेशन मास्टर महीपाल को दी। जिससे स्टेशन मास्टर ने तत्काल कंट्रोल को सूचना दे दी। जिससे बाद मुरादाबाद और दिल्ली की ओर से ट्रेनों का आवागमन रोक दिया गया। बाद में मिट्टी और बजरी भर कर ट्रैक के नीचे के गैप को भरा गया। इस दौरान करीब सवा घंटे तक ट्रैक बाधित रहा।