अमरोहा। रिश्तेदारी के चलते मेरठ के दो भाइयों ने अमरोहा के कारोबारी से पांच लाख रुपये उधार ले लिए। बदले बाइक दे दी। जांच में बाइक के फाइनेंस पर होने का पता चला। कारोबारी ने अपने रुपये मांगे तो लौटने से मना कर दिया। पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अमरोहा के मोहल्ला नौगजा निवासी कारोबारी समीर के रिश्तेदारी मेरठ में श्याम नगर पीलोकड़ी के सिकंदर व मोहसिन से रिश्तेदारी है। दोनों भाइयों का समीर के घर आना जाना था। तीन साल पहले दोनों भाइयों ने अपनी परेशानी बताकर पांच लाख रुपये उधार लिए थे। इसके बदले में उन्होंने लग्जरी बाइक समीर को दी थी। साथ ही रुपये देकर बाइक वापस लेने की बात कही थी।
रुपये वापस नहीं करने की स्थिति में बाइक को समीर के नाम करने का दावा किया था। काफी समय बीतने के बाद समीर ने दोनों भाइयों से अपने रुपये वापस मांगे तो वह टालमटोल करने लगे। जांच करने पर पता चला कि उनकी बाइक भी फाइनेंस पर है जिसकी कई सारी किस्त जमा नहीं हैं।
समीर ने आरोपियों से रुपये वापस करने का दबाव बनाया तो उन्होंने गालियां दीं। पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। लिहाजा समीर ने मामले की शिकायत एसपी अमित कुमार आनंद से की। सीओ सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि मामले में सिकंदर और उसके भाई मोहसिन के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।