अमरोहा। परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए किताबें पहुंचना शुरू हो गई हैं। कक्षा चार से आठ तक की किताबों के बाद अब कक्षा एक से तीन तक की किताबें भी मुख्यालय पर पहुंचने लगी हैं। जिनको सत्यापन के बाद स्कूलों के पहुंचाने का काम शुरू हो जाएगा।
जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के अधीन 1264 परिषदीय स्कूलों का संचालन होता है, जहां करीब एक लाख बच्चे शिक्षा लेते हैं। यहां पढ़ने वाले बच्चों को सरकार निशुल्क शिक्षा के तहत मुफ्त किताबें, यूनिफॉर्म, मिडडे-मिल भी उपलब्ध कराती है। 2025-26 के लिए एक अप्रैल से नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत हो गई। लेकिन स्कूलों में पढ़ाई के लिए बच्चों को किताबें मुहैया नहीं हो सकीं थी। लेकिन अब स्कूलों में किताबें पहुंचाए जाने का काम शुरू हो गया है।
कक्षा चार से आठ तक के लिए करीब आठ लाख किताबें जिले को मिली थी। जिनको 30 अप्रैल तक सभी स्कूलों में पहुंचा दिया गया है। वहीं अब कक्षा एक से तीन तक की किताबें भी मुख्यालय पर पहुंचना शुरू हो गई हैं। जिले में करीब 55 हजार किताबों की पहली खेप पहुंच गई है। अभी और भी किताबें जिले में पहुंचेंगी। जिनके सत्यापन के बाद इनके वितरण का काम शुरू कराया जाएगा। बीएसए डॉ. मोनिका ने बताया कि जल्द से जल्द सभी स्कूलों में बच्चों को किताबें उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।