फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: बोलेरो ने दो दोस्तों को रौंदा, एक की मौत, हंगामे पर हत्या की रिपोर्ट

Thu, 25 Jun 2026 01:46 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
रहरा (अमरोहा)। रहरा थाना क्षेत्र में लिंक मार्ग पर पैदल जा रहे दो दोस्तों को बोलेरो ने रौंद दिया, जिनमें से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा जख्मी है। मृतक के परिजनों ने रंजिशन गाड़ी चढ़ाने का आरोप लगाते हुए एक घंटे हंगामा किया। हसनपुर-रहरा मार्ग जाम कर दिया। एएसपी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया, जिसके बाद जाम खुला। पुलिस ने दो नामजद समेत पांच पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।
विज्ञापन


रहरा थाना क्षेत्र के गांव खेलिया खालसा निवासी चरन सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका भतीजा रामनिवास (20) और उसका दोस्त सत्येंद्र मंगलवार की शाम अपने गांव से दौरारा के लिंक मार्ग पर पैदल जा रहे थे। इसी बीच दौरारा में खेल के मैदान के निकट उन पर सामने से तेज रफ्तार बोलेरो चढ़ा दी गई। चरन सिंह ने कहा कि बोलेरो चालक ने रंजिश में जान से मारने की नीयत से भतीजे और उसके दोस्त पर बोलेरो चढ़ाई। परिजन दोनों को घायल अवस्था में नजदीकी निजी अस्पताल ले गए, जहां रामनिवास को मृत घोषित कर दिया गया।

इस जानकारी से परिजनों के साथ-साथ ग्रामीणों में भी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोग रात 10.30 बजे के आसपास हसनपुर-रहरा मार्ग पर जुट गए और जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। रहरा थाने की पुलिस के समझाने पर भी लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वे तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद जिला मुख्यालय से एएसपी अखिलेश भदोरिया मौके पर पहुंचे और जाम लगाए लोगों को समझाना शुरू किया। सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। इस पर करीब एक घंटे बाद जाम खुला।
विज्ञापन


सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि इस मामले में गांव लुहारी खादर के रहने वाले शिवम सागर, गांव छपना निवासी रोहित, और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। एएसपी ने बुधवार को बताया कि आरोपी शिवम सागर और गांव सोहत निवासी विक्रम को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य भी जल्द गिरफ्त में होंगे।

ग्रामीणों ने बताया कि इस घटना में जान गंवाने वाले रामनिवास के पिता की काफी पहले मौत हो चुकी है। रामनिवास पांच बहन-भाइयों में चौथे नंबर का था। जीवनयापन के लिए खेतीबाड़ी करता था।

पोस्टमार्टम के बाद बुधवार की दोपहर रामनिवास का शव घर पहुंचा तो फिर परिजन और ग्रामीण आक्रोश में आ गए। उन्होंने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग पर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही सीओ पंकज कुमार त्यागी और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद भी करीब दो घंटे हंगामेपूर्ण स्थिति रही। काफी देर समझाने पर परिजन शांत हुए। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में नजदीकी गंगा घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें