Top Ten Best Police Cars In The World
- फोटो : wonderslist.com
लोगों से बिल जमा करने के नाम पर हजारों रुपये बिजली ठेकेदार ने ऐंठ लिए। पीड़ितों ने उसको आज दबोच लिया। मौके पर पहुंची पुलिस को देखते ही वह नीली बत्ती लगी बोलेरो लेकर भागने लगा। पुलिस ने उसको पकड़ लिया। बत्ती जब्त कर ली और गाड़ी का चालान कर दिया। लोगों के रुपए उसने लौटा दिए, जिसकी वजह से पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
देहली गेट मेरठ का रहने वाले जावेद पर कस्बा बछरायूं में बिजली के मीटर लगाने का ठेका है।
बताते हैं कि उसने कस्बे के तीन लोगों से बिल जमा करने के नाम पर 45 हजार रुपए ले लिए थे, मगर बिल अदा नहीं किया था। कई दिन से नागरिक उसकी ताक में लगे थे। शुक्रवार की दोपहर वह कस्बे में पहुंचा तो उन्होंने परिजनों के साथ मिलकर उसको पकड़ लिया तथा पुलिस को खबर कर दी।
थोड़ी देर में ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। लोगों से बातचीत की। इसी दरम्यान ठेकेदार ने वहां से अपनी नीली बत्ती लगी बोलेरों से भागने का प्रयास किया, किन्तु पुलिस ने घेरकर उसको पकड़ लिया। बत्ती उतारकर जब्त कर ली। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक बीएम गिरि ने बताया कि गाड़ी का चालान कर दिया है। चूंकि उसने रुपए लौटा दिए हैं। किसी ने कोई तहरीर भी नहीं दी है। इसलिए अगली कार्रवाई नहीं की जा सकी है।