फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: रामगंगा पोषक नहर में बहे किशोर का तीन दिन बाद मिला शव

Thu, 04 Jun 2026 01:45 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
नौगावां सादात। रामगंगा पोषक नहर में नहाते समय बहे 15 वर्षीय किशोर का शव घटना के तीन दिन बाद बुधवार दोपहर बरामद हो गया। शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इसके बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
विज्ञापन


बिजनौर जिले के हल्दौर निवासी ऑटो चालक इमरान की पत्नी जरीसा अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए नौगावां सादात के मोहल्ला नई बस्ती स्थित अपने भाई के घर आई थीं। उनके साथ उनका बेटा रेहान भी आया था। रविवार सुबह रेहान मोहल्ले के तीन अन्य लड़कों के साथ बीलना स्थित रामगंगा पोषक नहर में नहाने गया था। बताया जाता है कि नहाते समय रेहान गहरे पानी में चला गया।
बाहर निकलने की कोशिश के दौरान तेज बहाव उसे अपने साथ बहाकर ले गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद सोमवार को एसडीआरएफ की टीम ने भी सर्च ऑपरेशन चलाया। टीम ने घटनास्थल से करीब 10 किलोमीटर तक नहर क्षेत्र की गहन तलाशी ली लेकिन किशोर का कोई सुराग नहीं मिला।
विज्ञापन

एसडीआरएफ के लौटने के बाद भी परिजन स्थानीय गोताखोरों के साथ लगातार तलाश में जुटे रहे। बुधवार को घटनास्थल से कुछ दूरी पर नहर में रेहान का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बेटे का शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से साफ इन्कार कर दिया। सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि परिजनों की सहमति के बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए शव उन्हें सौंप दिया गया। इसके बाद परिजन शव को घर ले गए और सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें