ब्लॉक प्रमुख को रजिस्टर में अधिक और तौल करने पर कम मिला राशन
हसनपुर। भारतीय जनता पार्टी से गंगेश्वरी ब्लॉक प्रमुख एवं विधायक हसनपुर महेंद्र खड़गवंशी के छोटे भाई राजेंद्र खड़गवंशी ने राशन की कालाबाजारी पकड़ने का दावा किया है। आरोप लगाया है कि अधिकारियों द्वारा राशन की कालाबाजारी कराई जा रही है। कार्ड धारकों को यूनिट के हिसाब से राशन नहीं दिया जा रहा।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को वह गंगेश्वरी ब्लॉक से हसनपुर कार में बैठकर आ रहे थे। रास्ते में गांव गंगवार में सरकारी राशन से भरा हुआ एक ट्रक खड़ा था। उसके आसपास राशन लेने के लिए क्षेत्र के कई राशन डीलर अपने वाहन लेकर आए हुए थे। गांव दौलतपुर कला के राशन डीलर रवि कुमार का स्टॉक रजिस्टर देखा तो उसमें स्पष्ट लिखा था कि 71.50 क्विंटल राशन आवंटित किया गया है, जबकि पास के ही धर्मकांटे पर तौल कराई गई तो उसे 65. 45 क्विंटल ही राशन प्राप्त हुआ था। करीब 6 क्विंटल राशन कम दिया गया। ब्लॉक प्रमुख ने बताया कि ऐसे कई राशन डीलर मिले। जिन्हें आवंटन से कम राशन मिला था। ब्लॉक प्रमुख का कहना है कि मौके पर ही विभागीय अधिकारियों एवं प्रशासन के अधिकारियों को दूरभाष पर मामले के बारे में बताया गया, लेकिन कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। बुधवार को ब्लॉक प्रमुख ने एसडीएम विजय शंकर से मिलकर मामले की शिकायत की। कहा कि राशन की कालाबाजारी कराई जा रही है। इसमें अधिकारियों की संलिप्तता है। राशन विक्रेताओं को पूरा राशन नहीं मिल रहा तो वह कार्ड धारकों को कैसे पूरा राशन दे पाएंगे। कार्ड धारकों को 5 किलो यूनिट की जगह मात्र 4 किलो राशन प्रति यूनिट ही मिल पा रही है, लेकिन ऐसी लगातार की जा रही शिकायतों को नजरअंदाज किया जा रहा है। आरोप लगाया कि प्रतिमाह राशन विक्रेताओं से दो हजार रुपए की वसूली की जाती है। तहसील क्षेत्र में 265 राशन विक्रेता हैं। हर माह 5.30 लाख रुपये की वसूली की जा रही है। ब्लॉक प्रमुख ने बताया कि मामले की शिकायत एसडीएम, डीएसओ व एआरओ से की गई है। उन्होंने मामले की जांच के बाद कार्रवाई की मांग की है। राशन की कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए एक वीडियो भी वायरल किया है।
ब्लॉक प्रमुख द्वारा जो शिकायत की गई है, उसे गंभीरता से लेकर जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी होगा कार्रवाई की जाएगी।
--- विजय शंकर एसडीएम हसनपुर।