अपहरण के बाद कक्षा 9वीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
अमरोहा। कक्षा 9वीं की छात्रा का अपहरण कर प्रेमी समेत पांच लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान पीड़िता को जोया, पाकबड़ा समेत कई स्थानों पर रखा। चार दिन बाद आरोपी छात्रा को टीपी नगर चौराहे पर छोड़कर भाग गए। पीड़िता के पिता की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र में मजदूर का परिवार रहता है। उनका आरोप है कि उनकी 14 वर्षीय बेटी इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा है। आरोप है कि देहात थानाक्षेत्र के गांव लालू नगला निवासी अरमान उनकी बेटी से फोन पर बात करता था। 8 दिसंबर को उसने छात्रा को फोन करके बुला लिया और इसके बाद अरमान ने अपने साथियों के साथ मिलकर किशोरी का अपहरण कर लिया। बाद में सभी ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान पीड़िता को जोया, लालू नगला, पाकबड़ा समेत कई स्थानों पर रखा। सभी ने मिलकर पीड़िता को डराया धमकाया। किसी को बताने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी 11 दिसंबर की शाम 4 बजे किशोरी को अमरोहा नगर के टीपी नगर चौराहे पर छोड़कर भाग गए। किसी तरह पीड़िता अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। पीड़िता के पिता ने मामले की शिकायत एसपी आदित्य लांग्हे से की। उनके निर्देश पर नगर कोतवाली पुलिस ने अरमान, गुड्डू, कबीर, गिरीश और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म, धमकी और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। ये भी सामने आया कि पीड़िता का पिता आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ पहले से दर्ज मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। फिलहाल मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।