अमरोहा। किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू शंकर के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपकर एक सप्ताह के भीतर समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
धरने को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी दिवाकर सिंह ने कहा कि सरकार किसानों के हित में कई योजनाओं की घोषणा कर रही है लेकिन जमीनी स्तर पर किसान बैंकिंग, सिंचाई, बिजली, सड़क, गन्ना भुगतान और प्रशासनिक समस्याओं से जूझ रहे हैं। धरने के दौरान एसडीएम शशिभूषण पाठक, जिला कृषि अधिकारी, अधिशासी अभियंता, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के डीआरएम समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों ने किसानों से वार्ता कर विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए एक सप्ताह का समय मांगा और समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया। किसानों ने जिला सहकारी बैंक अमरोहा का गठन, किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाने, ब्याज दर कम करने, अतिरिक्त बैंक शुल्क वापस कराने, अमरोहा विकास प्राधिकरण की स्थापना, गजरौला ट्रॉमा सेंटर का संचालन कराने की मांग की। साथ ही हाईवे समेत जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने, तिगरी धाम को धार्मिक एवं पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने, डिडौली में 132 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने, जर्जर बिजली लाइनों और ट्रांसफार्मरों को बदलने, सहकारी चीनी मिल हसनपुर का संचालन शुरू करने, गन्ना मूल्य का ब्याज सहित भुगतान, मध्य गंगा नहर फेस-2 में पर्याप्त पानी छोड़ने, प्रत्येक ब्लॉक में गोशाला बनाने, किसान भवन निर्माण और स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग उठाई गई। साथ ही वन डिस्ट्रिक्ट-वन बैंक योजना के तहत अमरोहा में स्वतंत्र जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के गठन की मांग की गई। धरने की अध्यक्षता चौधरी देवेंद्र सिंह तथा संचालन सत्यवीर सिंह ने किया। इस दौरान चौधरी धर्मवीर सिंह, चौधरी नेमपाल सिंह, चौधरी विनीत कुमार, मुसाहिद हुसैन, डॉ. प्रेम सिंह, विनोद कुमार, कैप्टन वीर सिंह चौहान, चौधरी विक्रम पवार, प्रधान सुखबीर सिंह मौजूद रहे।