भाजपा नेता ने कुछ लोगों के रास्ते में बैठकर शराब पीने का विरोध किया तो उन्होंने उनके साथ मारपीट की। तमंचे की बट मारकर उन्हें घायल कर दिया। साथ ही गांव के ही अवदेश ने उन्हें बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटा। पुलिस ने एक नामजद समेत तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
घटना थानाक्षेत्र के गांव रसूलपुर की है। यहां पर भाजपा नेता संदीप चौधरी का परिवार रहता है। पांच जून को वह खेत में फसल की सिंचाई कर घर लौट रहे थे। व के चकरोड पहुंचे तो रजबपुर निवासी अजीम तीन साथियों के साथ रास्ते में बैठकर शराब पी रहा था। रास्ते में दो बाइक भी खड़ी थी। संदीप चौधरी ने विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज की।
अजीम ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके सिर पर तमंचे की बट से हमला करके घायल कर दिया। गांव के ही अवदेश ने बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सीओ अवधमान भदोरिया ने बताया कि पुलिस ने एक नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।