पिकअप ने वाहन को ओवरटेक करते समय सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार जैकेट कारीगर जागेश उर्फ मोनू (32) की मौत हो गई। वह बुधवार शाम बुध बाजार से सब्जी लेकर लौट रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप व क्षतिगस्त बाइक को कब्जे में लिया है। साथ ही अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जागेश उर्फ मोनू नौगांवा थानाक्षेत्र के मिलक बादशाहपुर गांव निवासी ब्रह्मपाल सिंह के बेटे थे। दो भाइयों में छोटे जागेश जैकेट की सिलाई का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी अंजलि के अलावा तीन बच्चे हैं। जोगेश बुधवार शाम बाइक से नौगांवा सादात में बुध बाजार से सब्जी लेने गए थे। शाम सात बजे लौटते समय वह पंजतनी गेट पर पहुंचे तो अमरोहा की दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने ओवरटेक करते समय उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही जागेश उछलकर दूर जा गिरे। वहीं, चालक पिकअप छोड़कर भाग गया। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने लोगों की मदद से जागेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जैकेट कारीगर की मौत की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हो गए। रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुंच गए। देर रात पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। बृहस्पतिवार दोपहर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों ने जागेश के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
सीओ अवधभान भदोरिया ने बताया कि पिकअप और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।