मंडी धनौरा/बछरायूं। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पीछे बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद भाग रहे चालक को मय ट्रक के पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मौत की जानकारी मिलने पर परिजन भी रोते बिलखते अस्पताल आ गए थे।
थाना नौगांवा सादात के गांव हादीपुर कलां निवासी योगेश उम्र 25 साल रविवार की शाम लगभग पांच बजे अपनी एक रिश्तेदार गीता निवासी ग्राम हीमपुर दीपा के साथ बाइक के साथ गजरौला दिशा से आ रहा था। थाना बछरायूं के गांव कुम्हारपुरा के निकट उसकी बाइक को सामने से आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही योगेश और गीता नीचे गिर गए। योगेश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गीता गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर पहुची पुलिस ने सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सक ने योगेश को मृत घोषित कर दिया जबकि गीता को रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक से मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। मौत की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक पंकज वर्मा ने बताया कि दुर्घटना के बाद भाग रहे चालक को मय ट्रक के गिरफ्तार कर लिया गया है।