मंडी धनौरा(अमरोहा)। थाना क्षेत्र के गांव पालनपुर के निकट बह रही रामगंगा पोषक नहर में बुधवार की सुबह ग्रामीणों को एक बाइक दिखाई देने पर सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक को बाहर निकाला। पुलिस का मानना है कि बाइक चोरी की हो सकती है वही ग्रामीणों ने आशंका व्यक्त की है कि कोई व्यक्ति पुल पर दुर्घटनाग्रस्त होकर नीचे गिर गया हो गया या फिर किसी ने खुदकुशी की हो।
रामगंगा पोषक नहर का जलस्तर बीते तीन दिन में लगभग पांच फीट कम हो गया है। बुधवार की सुबह एक ग्रामीण की नजर नहर किनारे पानी में पड़ी एक बाइक की ओर गई। उसने शोर मचा कर अन्य ग्रामीणों को एकत्र कर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से बाइक को बाहर निकाल लिया। बाइक पर दर्ज पंजीकरण नंबर की मोबाइल एप पर छानबीन की गई तो वह बाइक नगीना तहसील के किसी सतीश के नाम दर्ज है। पुलिस ने उससे संपर्क किया तो उसने बताया कि उसकी बाइक घर पर मौजूद है। इस आधार पर पुलिस का मानना है कि बाइक चोरी की हो सकती है। प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह ने दुर्घटना या नहर में किसी के द्वारा छलांग लगाने की आशंका से इंकार करते हुए कहा कि बाइक को जान बूझ कर नहर में फेंका गया है। मामले की जांच की जा रही है। वही ग्रामीणों को आशंका थी कोई व्यक्ति रात में दुर्घटना का शिकार हुआ या फिर उसने नहर में छलांग लगाई है।