गजरौला-हसनपुर मार्ग पर गांव दीपपुर के सामने सड़क पर पड़े लकड़ी के टुकड़े से टकराई बाइक फिसल गई। हादसे में बाइक सवार प्रदीप कुमार व रवि कुमार घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी से हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है।
गजरौला निवासी प्रदीप कुमार और रवि कुमार की रिश्तेदारी हसनपुर में है। सोमवार रात करीब दस बजे दोनों दोस्त बाइक से हसनपुर से गजरौला जा रहे थे। गजरौला-हसनपुर मार्ग पर पेट्रोल पंप से आगे दीपपुर गेट के पास रास्ते में एक वाहन से लकड़ी के टुकड़े गिरे पड़े थे। बाइक लकड़ी के टुकड़ों से टकराकर गिर गई।
हादसे में घायल दोनों युवक करीब 15 मिनट तक सड़क पर ही पड़े रहे। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षण वरुण कुमार मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि हादसे में दो युवक घायल हुए हैं, लेकिन अभी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।