ट्यूबवेल पर नहाने जा रहे मदरसा छात्रों की बाइक सड़क पर खड़े ट्रक में घुस गई। हादसे में दो छात्रों को मौत हो गई। जबकि, दाे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के शव को घर ले गए। यह हादसा मंगलवार को अमरोहा-धनौरा मार्ग पर थाना नौगांवा सादात क्षेत्र में हुआ।
नौगांवा सादात के मोहल्ला तलवार शाह नई बस्ती निवासी मोहम्मद फैजी, मोहल्ला अफगानान निवासी अर्सलान, मोहल्ला हक्कानी निवासी अब्दुल समद, मोहल्ला सराय कोहना निवासी अबुजर अमरोहा जामा मस्जिद के मदरसे में पढ़ते हैं। मंगलवार दोपहर चारों छात्र एक बाइक से आम के बाग में टयूबवेल पर नहाने जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक उनकी बाइक की रफ्तार ज्यादा थी। चारों छात्रों में किसी ने भी हेलमेट भी नहीं पहन रखा था।
छात्रों की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में मोहम्मद फैजी और अर्सलान की मौत हो गई। जबकि, अब्दुल समद व अबुजर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलाें को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। बिना पुलिस कार्रवाई के शवों काे अपने साथ घर ले गए। सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि हादसे में दो छात्रों की मौके पर मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।