हसनपुर। अदालती आदेश के बाद राजस्व टीम द्वारा जमीन की पैमाइश कर गाड़े गए ठियों को उखाड़ने और दोबारा अवैध कब्जे का प्रयास करने के मामले में बुधवार को भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम हिमांशु उपाध्याय को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बुधवार को भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। जिसमें कहा कि भदौरा निवासी किसान रामचंद्र शर्मा उनकी गाटा संख्या 256 की भूमि का क्षेत्रफल कम होने पर उन्होंने धारा 24 के तहत वाद दायर किया था। एसडीएम न्यायिक हसनपुर द्वारा 7 जुलाई 2025 को दिए गए आदेश के अनुपालन में राजस्व टीम ने भूमि की पैमाइश कर उसे कब्जामुक्त कराया और ठिए गाड़कर मेड़बंदी के लिए स्थान चिह्नित कर दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद दबंगों ने राजस्व टीम द्वारा गाड़े गए ठियों को उखाड़ फेंका और जमीन पर फिर से अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। विरोध करने पर विपक्षी जबरन कब्जे की धमकी दे रहे हैं। ज्ञापन देने वालों में जिला कोषाध्यक्ष धर्मपाल सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष ओमवीर सिंह, मोनू अग्रवाल, सुभाष सिंह, देशराज सिंह, जगदीश सिंह, हरीराज सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा, राजीव सिंह आदि रहे।