गजरौला। दिल्ली-लखनऊ रेलवे लाइन पर ओवरहालिंग कार्य होने के कारण भानपुर रेलवे फाटक पांच दिन बंद रहेगा। रविवार सुबह 8 बजे से 18 सितंबर की शाम 8 बजे तक वाहन वैकल्पिक मार्ग से गुजरेंगे।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर (रेलपथ) महेंद्र सिंह ने बताया कि भानपुर रेलवे फाटक के पास दिल्ली-लखनऊ रेलवे लाइन पर मशीनाें द्वारा ओवर हालिंग का कार्य किया जाएगा। यह काम रविवार सुबह 8 बजे से 18 सितंबर की शाम 8 बजे तक किया जाएगा। इस कारण पांच दिन तक भानपुर रेलवे फाटक बंद रहेगा। इस दौरान वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा। जो वाहन इंदिरा चौक से सीधे भानपुर फाटक होकर हाईवे पर पहुंचते हैं, उनको चौपला की तरफ से भेजा जाएगा। इसी तरह जो वाहन मुरादाबाद की दिशा से आते समय भानपुर फाटक को पार कर सीधे नगर में दाखिल होते हैं वह चौपला होकर आएंगे। पांच दिन तक यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए उन्होंने थाना पुलिस को पत्र लिखा है। आरपीएफ व जीआरपी को भी सूचना दी है।