गजरौला। दिल्ली-लखनऊ रेलवे लाइन पर ओवरहालिंग कार्य होने कारण भानपुर रेलवे फाटक दो दिन तक बंद रहेगा। शुक्रवार सुबह आठ बजे से 20 सितंबर की शाम आठ बजे तक वाहन वैकल्पिक मार्ग से गुजरेंगे।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर (रेलपथ) महेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले काफी समय से दिल्ली-लखनऊ रेलवे लाइन पर मशीनाें से ओवरहालिंग कार्य किया जा रहा है। बीते दिनों से यह काम भानपुर रेलवे फाटक के पास चल रहा है। फाटक के पास यह काम बीते रविवार सुबह आठ बजे शुरू किया गया था जो 18 सितंबर की शाम 8 बजे तक पूरा करना था लेकिन कुछ काम रह गया था।
इस कारण दो दिन का समय और मांगा है। भानपुर रेलवे फाटक शुक्रवार सुबह आठ बजे से 20 सितंबर की शाम 8 बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा जो वाहन इंदिरा चौक से सीधे भानपुर फाटक होकर हाईवे पर पहुंचते हैं, उनको चौपला की तरफ से भेजा जाएगा। इसी तरह जो वाहन मुरादाबाद की दिशा से आते समय भानपुर फाटक को पार कर सीधे नगर में दाखिल होते हैं, वह चौपला होकर आएंगे। दो दिन तक यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए उन्होंने थाना पुलिस को पत्र लिखा है। आरपीएफ व जीआरपी को भी सूचना दी है।