धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिह। संवाद
- फोटो : धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिह। संवाद
किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को ब्लॉक परिसर में प्रदर्शन किया। हालांकि, तहसीलदार के आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया गया। भाकियू नेताओं ने भाजपा सरकार को किसान विरोधी होने का आरोपी भी लगाया।
मंगलवार को भाकियू टिकैत के कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक परिसर में प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों की भलाई की उम्मीद करना बेमानी होगा। उनका आरोप था कि समाज में नफरत फैला कर सत्ता हासिल करने वाली भाजपा सरकार के एजेंडे में किसान और खेती नहीं है। दोपहर एक बजे तक किसी भी अधिकारी के नहीं आने पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी।
वहीं, धरने पर पहुंचे तहसीलदार मूसाराम किसानों के बीच आए। उन्होंने अंश निर्धारण में ऋुटियों को समयबद्ध तरीके से सही कराने का आश्वासन दिया। बिजली विभाग के अवर अभियंता ने बिजली संबंधी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। किसान नेताओं ने गन्ना मूल्य भुगतान आपूर्ति के 14 दिन के भीतर कराने की मांग की। मिल प्रतिनिधि दिनेश सिंह ने शीघ्र ही भुगतान का आश्वासन दिया। तहसीलदार के आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया गया। इस मौके पर देशराज सिंह, सुभाष चीमा, सौवीर सिंह, गुरमीत सिंह, बिजेंद्र शर्मा, अशोक सिंह, जयपाल सिंह, लवेंद्र भाटी, बोबी चाहल आदि मौजूद थे।