मंडी धनौरा (अमरोहा)। बरातघर बनाने के लिए कृषि भूमि को आबादी की भूमि कराने के लिए आवश्यक एनओसी नहीं दिए जाने के विरोध में भाकियू लोकशक्ति ने वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया। मौके पर आए डीएफओ के आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया गया।
ग्राम लाडनपुर निवासी सुभाष यादव वहां एक बरातघर का निर्माण कराना चाहते हैं। उनका कहना है कि उन्होंने अपनी कृषि भूमि को आबादी में कराने के लिए वन विभाग से एनओसी की मांग की थी। आरोप है कि रेंजर ने उनके आवेदन को सेंचुरी बताकर रिजेक्ट कर दिया, जबकि दो लोगों को एनओसी जारी कर दी। इसके विरोध में भाकियू लोकशक्ति कार्यकर्ताओं ने बुधवार को रेंजर ऑफिस में धरना प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय सचिव सुमित नागर ने आरोप लगाया कि जिस स्थान के लिए एनओसी मांगी गई है। वह सेंचुरी क्षेत्र में नहीं आता है। भाकियू कार्यकर्ताओं ने रेंजर के खिलाफ प्रदर्शन किया। मौके पर आए डीएफओ ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उनके आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया गया। इस मौके पर अशोक कुमार, रामपाल सिंह, राकेश त्यागी, रणवीर सिंह, नीरज कुमार आदि मौजूद थे। इस संबध में डीएफओ राजीव कुमार का कहना है कि वन विभाग की ओर से वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए रिपोर्ट एसडीएम कार्यालय को भेज दी गई है। अग्रिम निर्णय एसडीएम द्वारा लिया जाएगा।