रजबपुर। गन्ना मूल्य घोषित नहीं होने से नाराज भाकियू असली के पदाधिकारियों ने गन्ने की होली जलाकर विरोध जताया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। गन्ना मूल्य 450 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग की।
भारतीय किसान यूनियन असली के जिलाध्यक्ष चौधरी महावीर सिंह के नेतृत्व में चकमजीदपुर चौराहे पर एकत्र हुए। यहां किसानों ने गन्ने का मूल्य घोषित नहीं होने से खफा होकर गन्ने की होली जलाई। कहा कि देश में चीनी का तो एक रेट लागू है, मगर गन्ने का मूल्य अलग-अलग प्रदेश में अलग है। हरियाणा में गन्ने का मूल्य 386 रुपये, पंजाब में 380 रुपये प्रति क्विंटल है। सबसे कम रेट उत्तर प्रदेश में 350 रुपये है। जल्द ही गन्ने का मूल्य कम से कम 450 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया जाए। चेतावनी देते हुए कहा कि गन्ने का मूल्य घोषित करें अन्यथा इसके गंभीर परिणाम लोकसभा चुनाव में देखने को मिलेंगे। इस दौरान हरपाल सिंह, राजेंद्र सिंह, मलखान सिंह, अरबाज खान, चौधरी राहुल चाहल, आदि मौजूद रहे।