अमरोहा। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक भाई दूज का पर्व बुधवार को जिलेभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। मंगलवार की दोपहर बाद बहनों ने भाइयों के घरों का रुख करना शुरू कर दिया। वहीं, त्योहार पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी दबाव में नजर आई। बसों में सीट के लिए जबरदस्त धक्कामुक्की हुई। वहीं बाजारों में मिठाई और गोले की दुकानों पर जमकर खरीदारी हुई।
त्योहार पर बस अड्डों पर यात्रियों की भीड़ इतनी बढ़ गई कि बसों में चढ़ने के लिए मारामारी की स्थिति बन गई। सीट पाने की होड़ में यात्रियों के बीच धक्कामुक्की हुई। बसों में जगह नहीं मिलने पर लोगों ने डग्गामार वाहनों का सहारा लिया। इससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ा।
दरअसल, दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाली अधिकतर बहनें दीपावली के अगले दिन ही भाइयों के घर जाने के लिए निकल पड़ी थीं। मंगलवार देर शाम तक वे अपने गंतव्य तक पहुंच गईं। वहीं, आसपास के क्षेत्रों में रहने वाली बहनें बुधवार को भाइयों के घर पहुंचकर पर्व मनाएगी। इसके चलते ट्रेनों और बसों में महिलाओं की आवाजाही बनी रही।
उधर, भाई दूज पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बसों के फेरे बढ़ाने की बात कही है। इससे बहनों को भाइयों के घर पहुंचने में अधिक परेशानी न हो। त्योहार के चलते दिनभर बस अड्डों पर यात्रियों की आवाजाही बनी रही।