नगर पालिका की ओर से निकाली गई संविदा सफाईकर्मियाें की भर्ती ने जनपद में बेरोजगारी की स्याह तस्वीर को सामने ला दिया है। संविदा सफाईकर्मी के 124 पदों के लिए 14 हजार बेरोजगारों ने आवेदन किया है। इसमें इंटर पास से लेकर एमए-बीएड डिग्रीधारक युवक भी शामिल हैं।
इससे टीईटी शुरू होने के बाद से चल रहा बीएड प्रशिक्षण लेने का जादू भी खत्म होता नजर आ रहा है। नतीजतन शिक्षण के लिए प्रशिक्षित युवाओं को भी हाथ में झाड़ृ लेने से गुरेज नहीं है। इसमें सरकारी नौकरी का क्रेज भी दिख रहा है। हालांकि पालिका परिसर में आवेदनों को ऑनलाइन फीड करने की कार्रवाई चल रही है, जिसके पूरा होने पर अगला कदम उठाया जाएगा।
शासन के आदेेश पर प्रत्येक नगर पालिका और नगर पंचायत में संविदा सफाईकर्मियों की भर्ती निकली है। अमरोहा नगर पालिका में 124 पदों पर नियुक्तियां होनी है, लेकिन इन पदों पर आवेदनों की भरमार है। यहां बता दें कि कुछ दिन पहले भी रिक्तियाें के लिए आवेदन मंगाए थे, जिसमें दस हजार आवेदन आए थे, मगर तब सरकार ने भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगा दी थी। अब उसने फिर से भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दोबारा की प्रक्रिया में चार हजार आवेदन और बढ़ गए हैं। अधिकारिक सूत्रों पर यकीन करें तो आवेदन करने वाले लोगों में इंटर पास से लेकर बीए, एमए, बीएड व बीपीएड डिग्री धारक हैं। बेरोजगारी के चलते ही डिग्रीधारक भी इस नौकरी की लाइन में लगे हैं। बहरहाल पालिका प्रशासन की ओर से प्राप्त हुए आवेदनों को फीड करने की कार्रवाई चल रही है।