अमरोहा। बीएड की प्रवेश परीक्षा सुरक्षा के इंतजामों के बीच शुक्रवार को मुकम्मल हो गई। परीक्षा में पंजीकृत 5300 परीक्षार्थियों में से 539 गैरहाजिर रहे। दो स्टेटिक मजिस्ट्रेट गैरहाजिर मिलने पर जवाब तलब किया गया, जिसमें डीएसओ और बछरायूं के राजकीय हाईस्कूल के प्रधानाचार्य शामिल रहे। परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिका को सील किया गया। सुरक्षा के बीच सुरक्षित भिजवाया गया।
जिले के 11 परीक्षा केंद्रों में शुक्रवार को सुबह नौ बजे से परीक्षा शुरू हुई। हालांकि परीक्षार्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर एक घंटे पहले से आ गए थे। जांच पड़ताल के बाद दाखिला मिला। प्रवेश पत्र की एक प्रति जमा कराई गई। परीक्षार्थियों को प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिका वितरित की गई। डीएम बालकृष्ण त्रिपाठी ने कुंदन मॉडल इंटर कॉलेज समेत कई जगहों पर निरीक्षण किया। पहली पाली में कुल 5,300 अभ्यर्थियों के सापेेक्ष 4,759 अभ्यर्थी शामिल हुए जिसमें 541 परीक्षा से गैरहाजिर हुए दोपहर 12 बजे परीक्षा मुकम्मल हो गई। राजकीय इंटर कॉलेज में दोपहर एक बजे के बाद परीक्षार्थियों का दाखिला शुरू हुआ।
एडीएम वित्त और राजस्व विनय कुमार सिंह ने परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। दोपहर की पाली में कुल 5,300 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 4,761 परीक्षार्थी शामिल हुए जबकि 539 ने परीक्षा से दूरी बना ली। केंद्र प्रतिनिधियों ने उत्तर पुस्तिका को सील कराया।