अमरोहा के जोया में पीएसी के जवान को खींचकर ले जाते आरोपी।
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार यूं तो भय मुक्त शासन का दावा कर रही है लेकिन हकीकत इससे जुदा है। आम आदमी पर राजनीतिज्ञों के गुर्गें क्या रौब गालिब करते होंगे इसका अंदाजा इसी बात से लगा लीजिए कि एक मामूली बात पर एक पीएसी जवान को पूर्व चेयरमैन के समर्थकों ने नेशनल हाईवे पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
मामला अमरोहा के ब्लॉक जोया का है। यहां दिन दहाड़े हाईवे पर फैली अराजकता से लोगों में अफरातफरी मच गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दबंगों को खदेड़कर पीएसी जवान की जान बचाई। पीड़ित जवान ने डिडौली कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
डिडौली थाना क्षेत्र के गांव हरियाना निवासी मोहम्मद अनस पुत्र वाजिद अली पीएसी का जवान है। वह मुरादाबाद में तैनात है। पीड़ित जवान ने बताया कि वह सामान रखने के लिए आटो बुक कर रहा था। इसी बीच दो युवकों ने बाइक से टक्कर मार दी। जिसको लेकर दोनों पक्षों में मामूली कहासुनी हो गई और नौबत मारपीट तक पहुंच गई।
जिसके बाद दबंगों ने जवान को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इतना ही नहीं दबंगों ने जवान को हाईवे स्थित दुकान में खींच कर ले गए और वहां भी पिटाई की। जवान ने उसके साले वसीम के साथ भी मारपीट करने का आरोप लगाया है। दिन दहाड़े हुए इस मारपीट की वारदात से ब्लाक के आस पास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।