गजरौला (अमरोहा)। गांव लिसड़ी खुर्द निवासी हरिओम ने टमाटर की फसल के सात लाख रुपये मांगने पर सलारपुर निवासी जर्रार खान और संभल के मोहल्ला बढ़ई वाली बस्ती निवासी वेदप्रकाश पर मारपीट कर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि मई 2022 में उसने अपनी टमाटर की फसल रजबपुर थाना क्षेत्र के सलारपुर निवासी जर्रार खान को सात लाख रुपये में बेची थी। जर्रार खान ने फसल बेचकर रुपये देने का वादा किया था। बताया कि उसने संभल के बढ़ई वाली बस्ती मोहल्ला निवासी वेद प्रकाश को फसल बेच दी थी। काफी समय के बाद भी दोनों ने फसल की रकम नहीं दी। कई बार तकाजा करने पर उनको चेक दे दिया। वह चेक से भुगतान लेने के लिए बैंक में गए। जहां पर पता चला उसमें बैलेंस नहीं है। पुलिस से शिकायत करने पर जर्रार खान रंजिश रखने लगा। आठ मार्च को दोनों लोग उनको फाजलपुर फाटक पर मिल गए। आरोप है कि दोनों ने उनको देखते ही गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट की। साथ ही गमछे से गला घोंटकर जान लेने का प्रयास किया। मामले में पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। जिस पर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।