डकैती का खुलासा करते एसपी सुधीर कुमार सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
बारह दिन पहले आदमपुर के खरखौदा में किसान के घर डकैती बुलंदशहर के बावरिया गैंग ने डाली थी। पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लूटी गई नकदी और सोने चांदी के आभूषण बरामद कर लिया है। गैंग मेरठ, हापुड़, बिजनौर और बुलंदशहर में कई बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुका है। गैंग का सरगना अभी तक पकड़ से दूर है, जिसकी धरपकड़ को पुलिस ठिकानों पर छापेेमारी कर रही हैं।
गुरुवार को डकैती का खुलासा करते हुए एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि 12 मई की आधी रात बदमाशों ने रहरा चौकी क्षेत्र के गांव खरखौदा निवासी जितेंद्र भाटी घर में डकैती को आंजाम दिया। सास-बहू को बंधकर बनाकर 4 जोड़ी कुंडल, 5 सोने की अंगूठी और 45 हजार रुपये की नगदी लूटकर फरार हो गए थे। विरोध करने पर सास-बहू को लाठी डंडों से पीटकर घायल कर दिया था। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना एसआई नीरज कुमार के सौंपी गई। जबकि एएसपी ब्रजेश सिंह व सीओ अजय कुमार के नेतृत्व में तीन टीमें लगाई गई। बुधवार की रात आदमपुर इंस्पेक्टर फोर्स के साथ रहरा-गवां रोड पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। मुखबिर से सूचना मिली कि चचौरा गांव के रास्ते पर तीन व्यक्ति बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस ने बताई गई जगह पर छापा मार दिया। पुलिस को देखकर यात्री शेड में खड़े व्यक्तियों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। लेकिन पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों ने अपना नाम प्रवीण बावरिया, दीपक बावरिया निवासी गांव बझेड़ा थाना गुलावठी बुलंदशहर बताया। जबकि तीसरे ने कमल बावरिया निवासी गांव भाना थाना सिकंदराबाद बुलंदशहर बताया। एसपी के मुताबिक पकड़े गए बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।