हसनपुर। बकरीद और रक्षाबंधन का त्योहार पर धनराशि निकालने को ग्राहकों की भीड़ बैंकों पर लगी रही। ग्रामीण क्षेत्र में कई बैंकों में कैश की कमी के कारण ग्राहकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। तो वहीं कस्बे में बैंकों पर अधिक भीड़ लगने की वजह से लंबी लाइन लगानी पड़ी। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी नहीं हुआ।
कोरोना काल में बकरीद और रक्षाबंधन के त्योहार को मनाने के लिए ऐसा उत्साह व उमंग नहीं दिखाई दे रहा। लोग सरकार की गाइडलाइन का पालन कर रहे हैं। ऐसे में सीमित समय में लोग बचते बचाते हुए खरीदारी में लगे हुए है। रुपये निकालने के लिए शुक्रवार को बैंकों के बाहर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। पंजाब नेशनल बैंक में बाहर तक ग्राहकों की लाइन लगी रही। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में बैंक में कैश की किल्लत रही। यूपी ग्रामीण प्रथमा बैंक छपना में कैश नहीं मिलने की चलते ग्राहकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि आधार कार्ड से थोड़ा-थोड़ा कैश देने की बैंक द्वारा कोशिश की गई। लेकिन, इसके बावजूद भी अधिकांश ग्राहक बिना रुपयों के ही मजबूरी में लौट गए। लोगों ने बैंक के अधिकारियों पर रोष प्रकट किया। कहा कि त्योहार पर बैंक में धनराशि नहीं है। यह जिम्मेदारों की लापरवाही है।