बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गोकशी का आरोप लगाकर हंगामा किया। नारेबाजी कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत किया। साथ ही मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव अगापुर उर्फ याकूबपुर में शुक्रवार शाम को आम के बाग में गोकशी होने और अवशेषों को जमीन में दबाने की सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। जिला सहसंयोजक वीरेंद्र शर्मा, राहुल हिंदुस्तानी, अमित कुमार, अंकुर कुमार, अनुराग कुमार सतीश कुमार, बंटी सिंह आदि कार्यकर्ता गोकशी का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गड्ढा खोदकर देखा तो उसमें पशुओं के अवशेष मिले। जिन्हें बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने गोवंश पशुओं के होने का दावा किया।
पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया। बजरंग दल के जिला सहसंयोजक वीरेंद्र शर्मा का कहना है कि गोकशी करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर उनको जल्द गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि करीब छह पशुओं के अवशेष मिले हैं। शुक्रवार को भी पुलिस को गोकशी की सूचना दी गई थी। अवशेषों को कुत्ते खींच रहे थे। बाद में कुछ लोगों ने उन्हें फिर से दबा दिया था। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की थी। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही रिपोर्ट दर्ज कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।