अमरोहा। नगर कोतवाली क्षेत्र के दाऊद सराय रोड पर रविवार सुबह पशु का कटा सिर मिलने से हंगामा हो गया। गोवंशीय पशु के अवशेष होने का दावा कर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। रज्जाक चौकी क्षेत्र में गोकशी और अवैध कटान बढ़ने का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
सीओ नौगावां सादात अवधभान भदौरिया और सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने मौके पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं को समझाया। कार्यकर्ताओं ने 24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
मामला दाऊद सराय रोड स्थित एक शटरिंग की दुकान के पास का है। रविवार सुबह करीब दस बजे लोगों ने दुकान के नजदीक गोवंशीय पशु का सिर पड़ा देखा। सूचना पर बजरंग दल के विभाग सहमंत्री संभल विपिन शर्मा के नेतृत्व में तेजिंदर सिंह, आकाश यादव, डॉ. ऋतिक और सचिन समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंच गए। इससे पहले दो युवक अवशेष उठाकर ले गए थे। कार्यकर्ताओं ने रज्जाक चौकी क्षेत्र को गोकशी का अड्डा बताते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
सीओ नौगावां सादात अवधभान भदौरिया पुलिस बल के साथ पहुंचे। बाद में घटनास्थल नगर कोतवाली की रज्जाक चौकी क्षेत्र में होने पर सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार भी पहुंच गए। अधिकारियों ने जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया। बजरंग दल कार्यकर्ता आकाश यादव ने बताया कि सिर एक से दो दिन पुराना लग रहा था। आसपास की दुकान के सीसीटीवी फुटेज में दो युवक अवशेष उठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि अवशेष गोवंशीय पशु के हैं या किसी अन्य पशु के, यह स्पष्ट नहीं है। जांच में मिले अवशेष काफी पुराने हैं। आशंका है कि उन्हें कुत्ता कहीं से उठाकर लाया था। मामले की जांच की जा रही है।