हसनपुर/सैदनगली। बीए की छात्रा को बहाने से होटल में बुलाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म करने व भाई द्वारा विरोध करने पर घर में घुसकर मारपीट के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक 17 वर्षीय छात्रा एक कॉलेज में बीए में पढ़ती है। आरोप है कि गांव का एक युवक काफी समय से कॉलेज आते-जाते समय छात्रा को परेशान कर रहा था। 20 मई को आरोपी ने किसी बहाने से छात्रा को नगर के एक होटल में बुलाया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। किसी ने इसकी सूचना छात्रा के भाई को दे दी। उसके भाई ने इस मामले में आरोपी से फोन पर बात की तो वह आग बबूला हो गया। आरोपी अपने साथियों के साथ छात्रा के घर पहुंच गया और परिजनों के साथ मारपीट की। छात्रा को जबरन खींचने का प्रयास किया। बीच-बचाव में आए छात्रा के भाई पर आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला किया। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। संवाद