दिल्ली से नौगावां सादात रोजा इफ्तार कार्यक्रम में शामिल होने जाते वक्त शनिवार को प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता नगर विकास मंत्री आजम खां ने प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कैराना पलायन प्रकरण को लेकर भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कहा कि कैराना में दहशत नहीं है, तरक्की के लिए लोग दूसरे शहरों में जा रहे हैं। कहा कि, भाजपा मुसलमानों पर आरोप न लगाए, उसे मुसलमानों को मारना है तो यूं ही मार दे।
प्रदेश में भाजपा की सरकार आने पर आजम को जेल भिजवाने के विधायक संगीत सोम के बयान से संबंधित सवाल पर कहा कि, संगीत सोम से उनका नाम न जोड़ें। इन लोगों की गाय की फैक्ट्रियां हैं। पांच सितारा होटलों के मेन्यू में पकवानों के साथ बीफ भी शामिल है और मोदी बीफ के जरिए ही ओबामा से संबंध बना रहे हैं। दूसरी ओर उनकी पार्टी के लोग इस पर हाय तौबा मचाए हुए हैं।
वहीं नौगावां सादात में तहसील प्रकरण को लेकर माननीयों की तनातनी पर चुप्पी साध गए। इस दौरान उनके साथ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के चेयरमैन मौलाना जावेद आब्दी, राष्ट्रीय कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष जुगल किशोर वाल्मीकि समेत तमाम नेता मौजूद थे।