हसनपुर। उत्तर प्रदेश डांस स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2025 में हसनपुर तहसील क्षेत्र के गांव गारबपुर उर्फ रूस्तमपुर निवासी आयुष शर्मा ने हिप-हॉप श्रेणी में गोल्ड मेडल जीतकर अमरोहा जिले का नाम रोशन किया है। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें गोल्ड मेडल और शील्ड से सम्मानित किया गया।
उत्तर प्रदेश डांस एसोसिएशन के जिला महासचिव डॉ. पराग पंडित ने बताया कि यह प्रतिष्ठित चैंपियनशिप एक जून, 2025 को मुरादाबाद के वसुंधरा ऑडिटोरियम में उत्तर प्रदेश डांस एसोसिएशन द्वारा आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर से आए कई प्रतिभाशाली युवा डांसरों ने हिस्सा लिया। आयुष शर्मा गांव गारबपुर उर्फ रूस्तमपुर निवासी दिनेश शर्मा के पुत्र हैं। आयुष ने अपनी असाधारण हिप-हॉप प्रस्तुति से जजों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह पहली बार नहीं है जब आयुष ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। इससे पहले भी, वह उत्तराखंड के हरिद्वार और ऋषिकेश में आयोजित कई डांस चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं, जिससे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। आयुष की यह जीत न केवल उनके लिए बल्कि उनके परिवार व क्षेत्र के लोगों के लिए खुशी का पल है।