अमरोहा। डीएम बाल कृष्ण त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से आच्छादित आयुष्मान कार्ड विहीन परिवारों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने के लिए पखवाड़ा चलाए जाने के लिए बैठक आयोजित की गई। डीएम ने कहा कि पात्रों को विशेष कैंप लगाकर आयुष्मान कार्ड दिए जाएं। कोई पात्र न छूटे।
डीएम ने कहा कि 26 जुलाई से 9 अगस्त तक चलने वाले विशेष आयुष्मान पखवाड़ा में कोई भी पात्र यदि आयुष्मान कार्ड से रहित पाया जाता है, तो संबंधित अधिकारी की खैर नहीं होगी। अभियान चलाकर विशेष कैंप लगाए जाएं और आयुष्मान कार्ड से छूटे हुए व्यक्तियों को हर हाल में कार्ड बनाया जाएगा। कहा की आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से आच्छादित परिवारों को प्रति वर्ष प्रति परिवार को 5 लाख रुपये तक नि:शुल्क उपचार की सुविधा है। इसलिए योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रत्येक पात्र लाभार्थी के पास आयुष्मान कार्ड होना अनिवार्य है। इस योजना के तहत ऐसे परिवारों को लक्षित किया जाएगा, जिनमें एक भी आयुष्मान कार्ड उपलब्ध नहीं है। डीएम ने सभी खंड विकास अधिकारियों, प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लक्षित परिवार के लाभार्थियों की ग्राम वार सूची ग्राम सभा, वार्ड के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी।