अमरोहा। असामाजिक तत्वों ने धार्मिक भावनाएं भड़काने के उद्देश्य से एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। ये ऑडियो दहीबड़े का ठेला लगाने वाले एक युवक के खिलाफ तैयार किया गया है, जिससे उसकी बिक्री न हो सके। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये मामला अमरोहा नगर के मोहल्ला शाह अली सराय का है। यहां रहने वाला शंकर मोहल्ला सराय मोहना में दहीबड़े का ठेला लगाता है। आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने धार्मिक भावनाएं भड़काने के उद्देश्य से एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया। इस ऑडियो में शंकर के ठेले पर मिलने वाले खानपान के सामानों में मिलावट बताकर दूसरे वर्ग के लोगों को भड़काने की कोशिश की है। पीड़ित शंकर ने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की। सीओ विजय कुमार राणा ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच कोतवाली पुलिस और सर्विलांस टीम को सौंपी गई है।