मामला थानाक्षेत्र के गंगा पार का है। खादर क्षेत्र के गांव गोपाल वाली मढ़ैयो निवासी सुमन देवी ने बताया कि उनकी तिगरी के जंगल में 28 बीघा कृषि भूमि है। जिसमें वह कई दशकों से खेती करती आ रही हैं। आरोप है कि कुछ दिन पहले हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर निवासी कुछ दबंगों ने उनकी भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की थी। उन्होंने अमरोहा पुलिस को सूचना देकर भूमि की नापतौल कराई और खेत के चारों तरफ पोल गाढ़ दिए।
लेकिन, सोमवार को गढ़मुक्तेश्वर के 12 से ज्यादा लोग उनकी भूमि पर कब्जा करने के इरादे से पहुंच गए। जानकारी होने पर वह, अपने पति सूखा और बच्चों के साथ खेत में पहुंची। उन्होंने खेत पर कब्जा करने का विरोध किया, आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग कर दी। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि मामूली कहासुनी का मामला सामने आया है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।