नौगावां सादात(अमरोहा)। बाइक खराब होने के दौरान युवक पर बाइक सवार लोगों ने हमला कर दिया और बेल्ट से गला घोंटने के प्रयास किया। घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
कस्बा नौगावां सादात के मोहल्ला शिकरिया वाला में नदीम का परिवार रहता है। उनके भतीजा मो. फरमान की छह अप्रैल की शादी है। जबकि सात अप्रैल को उनकी बहन की बरात आनी है। मो. फरमान 14 मार्च को दिल्ली से समान लेकर नौगावां सादात लौट रहे थे। फरमान दिल्ली से ट्रेन से अमरोहा स्टेशन तक आए थे। रात करीब 11 बजे जब वह गांव पीलाकुंड के सामने पहुंचे तभी उनकी बाइक अचानक खराब हो गई।
फरमान सड़क किनारे मोटरसाइकिल खड़ी कर उसे चेक करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान वहां तीन अज्ञात युवक पहुंच गए और फरमान के साथ गाली-गलौज करने लगे। जब फरमान ने उन्हें गाली देने से मना किया तो तीनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने बेल्ट से उसका गला घोंटकर जान से मारने का प्रयास किया। फरमान के शोर मचाने पर आसपास के घरों से लोग मौके की ओर आने लगे, जिसे देख आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद फरमान मौके पर ही बेहोश हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
परिजनों ने मोहम्मद फरमान को उपचार के लिए निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। सीओ अवधभान भदोरिया ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या की कोशिश समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद