अमरोहा के जवाहर नवोदय विद्यालय में एथलेटिक्स मीट के अंडर 19 वर्ग की दौड़ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते छात्र।
- फोटो : amar ujala
जवाहर नवोदय विद्यालय बसेड़ा तगा में संकुल स्तरीय 27वीं एथलेटिक्स मीट का रंगारंग कार्यक्रम के साथ शानदार आगाज हुआ। गैर जनपदों से आई दस टीमों के खिलाड़ियों ने खेलों में प्रतिभाग कर उम्दा प्रदर्शन किया। अच्छा प्रदर्शन करने वालों खिलाड़ियों का चयन क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी महमूद आलम अंसारी ने मशाल जलाकर एथलेटिक्स मीट का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नवोदय विद्यालयों में उत्कृष्ट श्रेणी के छात्र-छात्राएं अनुशासन में रहकर शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। प्रतियोगिता में ग्यारह टीमों ने भाग लिया।
इसमें एक टीम अमरोहा जनपद की बाकी दस टीम गैर जनपदों की शामिल रही। दस जनपदों की टीम में 101 लड़के और 99 लड़कियों ने खेलों में शिरकत की। इस प्रतियोगिता से क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। कालेज प्राचार्य डा. एके मिश्रा ने सभी का आभार प्रकट किया। टीम के साथ आए अनुरक्षक, शिक्षक, शिक्षिकाएं मौजूद रहे।