प्राथमिक विद्यालय लठीरा में मिड-डे मील में गुणवत्ता युक्त सामग्री ना लगाने को लेकर हुई कहासुनी मारपीट तक जा पहुंची, ग्राम की महिला प्रधान व उसकी दो बेटियों पर आरोप है कि उन्होंने बीईओ की बहन एवं प्रधानाध्यापिका समेत सहायक अध्यापिका के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ितों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
एक वर्ष पूर्व गजरौला की खंड शिक्षा अधिकारी रह चुकीं बबीता अब बरेली में बीईओ हैं। बताया गया कि शुक्रवार को स्कूल की रसोई में खाना बनाया जा रहा था। इस दौरान गांव की महिला प्रधान वहां पहुंची और खाना बनाने में प्रयोग की जाने वाली सामग्री को चेक करने लगी। घटिया सामग्री का आरोप लगाकर बीईओ की बहन और प्रधानाध्यापिका व सहायक अध्यापिका के साथ कहासुनी होने लगी। आरोप है कि प्रधान की दो बेटियां भी वहां पहुंच गईं और दोनों शिक्षिकाओं के साथ मारपीट की। मारपीट में दोनों शिक्षिकाएं घायल भी हो गईं। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी कर रही हैं।