गजरौला(अमरोहा)। सावन माह के तीसरे सोमवार पर कांवड़ियों की संख्या बढ़ते ही रविवार शाम हाईवे पर कार व बाइक समेत छोटे वाहनों का भी संचालन बंद करा दिया गया। वाहनों का डायवर्ट कराने के दौरान मुरादाबाद से दिल्ली की लेन पर लंबा जाम लग गया। करीब एक घंटे अधिक जाम की स्थिति बनी रही। जैसे तैसे वाहनों को चौपला से गुजारा गया तो वहां भी जाम के हालात बन गए।
सावन माह के प्रत्येक सोमवार कांवड़ियों की जत्थे बड़ी संख्या में हाईवे समेत अन्य मार्गों से गुजरते हैं। जो शुक्रवार से लेकर सोमवार तक गुजरते हैं। प्रशासन ने उनकी सुरक्षा के चलते हाईवे पर रूट डायवर्जन प्लान लागू कर रखा है। मुरादाबाद से दिल्ली लेन पर दोनों तरफ के वाहन चलाए जाते हैं, जबकि, दिल्ली से मुरादाबाद लेन कांवड़ियों के लिए है। सावन के तीसरे सोमवार को लेकर कांवड़ियों की भीड़ बढ़ते ही रविवार देर शाम सात बजे बड़े व भारी वाहनों के अलावा कार समेत अन्य छोटे वाहनों को भी डायवर्ट कर दिया गया। जिसके बाद इंटरनेशनल स्कूल के पास हाईवे पर वाहनों के पहिए थम गए। स्कूल से लेकर फ्लाईओवर तक करीब दो किलोमीटर तक देखते देखते लंबा जाम लग गया। जाम लगते ही पुलिस के हाथ पांव फूल गए। एक घंटे से अधिक समय की मशक्कत के बाद जाम खुला। लेकिन, वाहनों को डायवर्ट होने पर चौपला भी भी जाम की स्थिति बनी रही।
सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि रात आठ बजे के बाद हाईवे पर वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद हो गया है। चौपला से वाहनों को हसनपुर व बिजनौर रोड की ओर गुजारा जा रहा है।
आज दोपहर दो बजे बाद संचालित होंगे वाहन
एएसपी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सावन के तीसरे सोमवार के चलते रविवार हाईवे पूरी तरह कांवड़ियों के लिए आरक्षित कर दिया गया। वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जा रहा है। बताया कि जलाभिषेक के बाद सोमवार दोपहर बजे से हाईवे पर वाहनों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा। पुलिस को पूरी तरह अलर्ट किया गया है।