हसनपुर (अमरोहा)। पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने संभल के झांकी कलाकार आशीष (24) की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। जागरण पार्टी छोड़ने पर आरोपी बंटी ने हत्या की योजना बनाई और 50 हजार में सौदा किया था। आशीष का शव हसनपुर क्षेत्र में अतरासी-हसनपुर रोड किनारे खेत में पड़ा मिला था। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर और मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
11 अगस्त को हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में अतरासी-हसनपुर रोड पर गांव करनपुर माफी के खेतों में एक 24 वर्षीय युवक का शव मिला था। उसके गले में रस्सी बंधी थी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच की थी। करीब दस घंटे बाद शव की शिनाख्त संभल के बहजोई थानाक्षेत्र के गांव पंवासा निवासी आशीष के रूप में हुई थी। वह झांकी कलाकार था और जागरण पार्टी में काम करता था।
मामले में मृतक की बहन पुष्पा ने संभल के नूरियो सराय निवासी बंटी सैनी और उसके साथियों के खिलाफ रंजिश में हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जांच की। बृहस्पतिवार को एसपी अमित कुमार आनंद ने एसपी कार्यालय में घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह को पुलिस ने मुख्य आरोपी बंटी सैनी के अलावा बिट्टू सैनी और नरेश सैनी को हसनपुर-ढक्का रोड पर हैबतपुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि बंटी सैनी सांस्कृतिक झांकी का काम करता था। आशीष करीब 12 साल से बंटी के साथ काम कर रहा था। करीब छह माह पहले रुपये के लेनदेन को लेकर दोनों में विवाद हो गया था। इसके बाद आशीष ने बंटी की पार्टी छोड़ दी। आशीष के जाने से बंटी को नुकसान हो रहा था। आशीष उसकी पार्टी का मुख्य कलाकार था। बंटी ने आशीष को वापस बुलाने की कोशिश की लेकिन उसने मना कर दिया। इसी रंजिश में बंटी ने आशीष की हत्या की योजना बनाई। उसने बिट्टू सैनी से 50 हजार रुपये में आशीष की हत्या करने का सौदा किया और एडवांस के तौर पर 1500 रुपये दिए। बिट्टू ने इस काम में अपने साथी नरेश को भी शामिल कर लिया।
पहले पिलाई थी बीयर, फिर रस्सी से घोंट दिया था गला
पुलिस के मुताबिक 10 अगस्त की शाम को बिट्टू और नरेश ने आशीष को अपने थ्री-व्हीलर में बिठाया। रास्ते में उन्होंने बीयर खरीदी और आशीष को पिला दी जिससे वह नशे में हो गया। अंधेरा होने पर ढक्का मोड़ से हैवतपुर होते हुए करनपुर के पास, बिट्टू और नरेश ने थ्री-व्हीलर की पिछली सीट पर रस्सी से आशीष का गला घोंट दिया और शव को पास के खेत में फेंक दिया। उन्होंने आशीष का मोबाइल फोन पास ही एक पेड़ के नीचे जमीन में दबा दिया और भाग गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक आशीष का मोबाइल फोन और हत्या में इस्तेमाल किया गया थ्री-व्हीलर बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में संभल के नूरियो सराय निवासी बंटी सैनी, रायशक्ति नवाबपुर निवासी बिट्टू सैनी व नरेश सैनी शामिल हैं।